एटा। जनपद के श्रम विभाग में इस समय लगभग 90 हजार श्रमिक पंजीकृत हैं। इन्हें सरकार विभिन्न योजनाओं से लाभांवित करती है। इनमें से एक योजना कन्या विवाह सहायता भी है। इसके लिए पिछले साल 753 श्रमिकों ने आवेदन किया। हालांकि लाभ 450 को ही मिल सका। श्रम विभाग में श्रमिक परिवारों के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनमें से मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन, अटल आवासीय विद्यालय योजना, कन्या विवाह सहायता योजना प्रमुख हैं। परंतु इन सभी योजनाओं का लाभ श्रमिकों को नहीं मिल पाता है। कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को सामान्य रूप से 51000 रुपये की धनराशि तथा अंतरजातीय विवाह करने पर 55 हजार रुपये की धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की जाती है।योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पिछले वित्त वर्ष में 753 पंजीकृत श्रमिकों ने आवेदन कर दिए। इनमें से 450 को ही लाभ मिल सका। अन्य को आवेदनों में खामियां, नियमों को पूरा न किए जाने की समस्या बता दी गई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी यादवेंद्र विक्रम ने बताया कि जो आवेदक पात्रता की शर्तें पूरी करते थे, उन्हें लाभ दिया गया।