एटा। दिवाली का जश्न मनाने के दौरान चलाए गए पटाखों से जिले में अलग-अलग जगहों पर तीन किशोर सहित 7 लोग झुलस गए। इनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घायलों में तीन कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी के किशोर हैं। उपचार के बाद परिजन छुट्टी करा ले गए।
कोतवाली नगर क्षेत्र में जीटी रोड मंडी समिति के सामने कांशीराम काॅलोनी निवासी निखिल कुमार, शाहिद और लक्की पटाखे चलाते समय सोमवार की सुबह झुलस गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज में परिजन लेकर आए और भर्ती कराकर उपचार कराया। जबकि पटाखों से झुलसे अवधेश कुमार निवासी चांदपुर थाना मलावन को सोमवार की सुबह करीब 8 बजे मेडिकल कॉलेज लाया गया। रिषभ निवासी महाराणा प्रताप नगर कोतवाली नगर को परिजन रविवार की रात 12 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।
सुनील कुमार निवासी मोहल्ला जाटवपुरा कोतवाली नगर को रविवार की रात 9 बजे भर्ती कराया गया। शान मोहम्मद निवासी निधौली खुर्द थाना रिजोर को परिजन ने रविवार की देर शाम भर्ती कराया। सभी लोग पटाखों को चलाते समय निकली चिंगारियों से जले हैं। हालांकि कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं था। जिसके चलते उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज से सभी की छुट्टी कर दी गई।