मिरहची। रविवार की रात तेज हवा और बारिश से काफी नुकसान हुआ। क्षेत्र के करीब 50 गावों की बिजली गुल हो गई। वहीं खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई।
तेज हवा से बिजली के कई खंभे टूट गए। इसके कारण करीब 50 गावों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार को पूरे दिन विद्युत निगम के कर्मचारी खंभों और लाइन को दुरुस्त करने में जुटे रहे। किसान राम सिंह ने बताया है कि 20 बीघा धान की फसल की रोपाई की थी। इसमें पहले तनाकाट कीट रोग ने 20 से 30 प्रतिशत धान में नुकसान कर दिया। जबकि रविवार को तेज हवा और बारिश से फसल खेतों में गिर गई है। इससे पैदावार में भारी कमी आएगी और अच्छा भाव भी नहीं मिल पाएगा। हेम सिंह, सुशील कुमार, छोटेलाल, विपन कुमार, कुंवरपाल आदि किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश, हवा किसानों के लिए आफत रही है। सरकार को मुआवजा देना चाहिए। विद्युत निगम के जेई ऋषिराम ने बताया कि रविवार रात आई आंधी से लाइन पर पेड़ टूटकर गिरने से कई जगह लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। खंभे भी टूटे हैं। जिन्हें सही कराया जा रहा है।