एटा। कोतवाली नगर पुलिस ने अंतरजनपदीय ऑटो लिफ्टर गैंग के 5 शातिरों को पकड़कर भंड़ाफोड़ किया है। चोरी की 9 बाइकें और एक स्कूटी बरामद की हैं।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस को बृहस्पतिवार की दोपहर सूचना मिली कि चोरी की बाइकों को लेकर कुछ शातिर जा रहे हैं। इसके बाद कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ मंडी समिति गेट अलीगंज रोड पर चेकिंग की। यहां से 5 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। इनमें अनिल दीक्षित निवासी सिकतरा थाना व जिला कासगंज, रुकमान निवासी अंबेडकरनगर थाना अवागढ, पंकज निवासी मोहल्ला कोलियान कस्बा व थाना आवागढ़, धर्मेंद्र निवासी आवास विकास कॉलोनी कोतवाली नगर और भूरे सिंह निवासी नगला ब्लाक थाना अवागढ शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर 9 चोरी की बाइकें और एक स्कूटी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आराेपी का एक संगठित गिरोह है। जो वाहन चोरी, लूट आदि की घटनाओं को अंजाम देते हैं। अपने शौक पूरे करने के लिए आपराधिक वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। बाइकें चोरी कर दूसरे जिलों व जगहों पर बेचते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नोएडा सिटी सेंटर सेक्टर 39 व सेक्टर 26 के मॉल आदि से बाइकें चोरी करते थे।