एटा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सात से 14 वर्ष तक के आउट ऑफ स्कूल बच्चों का दोबारा स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। बच्चों को स्कूलों में लाने के लिए शारदा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। योजना के तहत आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिह्नित कर ऐसे बच्चों को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में उनकी उम्र के हिसाब से कक्षा में दाखिला दिया जाएगा। जिले में अभी तक 3618 बच्चे चिह्नित किए जा चुके हैं, जिनकी पढ़ाई छूट गई है।
शासन की ओर से आउट ऑफ स्कूल बच्चों को दोबारा स्कूल लाने के लिए मुहिम शुरू की गई है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक गांव में ऐसे बच्चों को चिह्नित किया जा रहा है जिन्होंने किसी वजह से स्कूल छोड़ दिया है। ऐसे बच्चों को चिह्नित कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर उनकी उम्र के हिसाब से कक्षा में प्रवेश दिलाया जा रहा है। बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए स्कूलों में नोडल शिक्षक तैनात किए गए है।
निशुल्क मिलेगी शिक्षण सामग्री
आउट ऑफ स्कूल बच्चों को दाखिले के बाद उच्च गुणवत्ता की शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों को पेंसिल, रबर, कटर, कापियां, कलर आदि विद्यालय प्रबंध समिति खरीदकर देगी।
जिले भर में आउट ऑफ स्कूल बच्चों के चिह्ति कर आयु के हिसाब से उनका कक्षा में प्रवेश करने के निर्देश सभी खंड शिक्षाधिकारियों को दिए गए हैं। शिक्षित कर बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। जिले में अभी तक 3618 बच्चों को चिह्नित किया जा चुका है। - दिनेश कुमार, बीएसए