अलीगंज में चोरी के बाद घर मे बिखरा पड़ा सामान ।संवाद
- फोटो : ETAH
मारहरा/अलीगंज। थाना क्षेत्र के गांव सिरसाबदन में चोरों ने दो घरों में नकब लगाकर नकदी सहित जेवरात पार कर दिए। बताया जा रहा है करीब चोरी हुई नकदी व जेवरात की कीमत करीब दस लाख रुपये है। वहीं अलीगंज कस्बा के मोहल्ला सुदर्शन में चोरों ने पूर्व सभासद के घर को निशाना बनाया। साढ़े चार लाख रुपये नकद सहित करीब साढ़े पांच लाख के जेवरात चोरी कर ले गए।
गांव सिरसा बदन निवासी जयपाल अपने परिजन के साथ मंगलवार की रात घर की छत पर सो रहे थे। चोर दीवार लांघ कर मकान में प्रवेश कर गए और घर में रखी साढ़े छह लाख की नकदी, एक चेन, एक जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी पाजेब, कपड़े सब मिलाकर करीब 9 लाख रुपये का सामान ले गए। वहीं कुंवरपाल के घर की दीवार में नकब लगाकर घुसे और पचास हजार रुपये, दो जोड़ी पाजेब, एक मोबाइल चोरी कर ले गए।
उसके बाद यादराम और सतीश के घर में भी चोरों ने नकब लगाया लेकिन लोगों के जागने पर चोरी नहीं कर सके। वहीं अलीगंज के मोहल्ला सुर्दशन निवासी पूर्व सभासद प्रमोद कुमार ने बताया कि रात के समय वह परिजन सहित छत पर सो रहे थे। चोर दीवार फांद कर घर में घुस आए। जमीन बेच कर मिले 4.50 लाख रुपये रखे थे। इन रुपयों सहित लगभग साढ़े पांच लाख के जेवरात चोर ले गए।
ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश
सिरसा बदन में दो घरों में चोरी और दो घरों में प्रयास किए जाने को लेकर लोगों में आक्रोश है। पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और गश्त पर तैनात पुलिस कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शाम ढलते ही पुलिस क्षेत्र में नजर नहीं आती है। जिससे चोर घटनाओं को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं। उसके बाद आक्रोशित लोगों को चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने का आश्वासन देते हुए शांत किया।