एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम जिरसमी नहर में नहाने गए 6 युवकों में से एक डूब गया। रात तक उसका सुराग नहीं मिल सका।
कोतवाली देहात के मरथरा चौकी प्रभारी संदीप राणा ने बताया कि गांव ककेरा निवासी दशरथ (21), अंकित, टीटू, झुन्नी, दीपक और विमल गर्मी की वजह से जिरसमी नहर में नहाने गए। युवकों ने बताया कि दशरथ ने सबसे पहले नहर में छलांग लगा दी। जब तक बाकी युवक नहर में कूदते, दशरथ डूबने लगा। यह देखकर नहाने जा रहे युवक डर गए और स्थानीय लोगों को आवाज देकर जानकारी दी। युवक को डूबता देख आसपास के गोताखोर नहर में कूदे लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही मरथरा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों को बुलाया गया और युवक की तलाश की जा रही है। देर रात तक युवक का पता नहीं लग सका था।