ऑनलाइन करा सकते हैं, युवक और महिला मंगल दल का गठन
सभी गांवों के लिए खाका हो रहा तैयार, क्षेत्रीय युवा अधिकारी गांव में पहुंचकर करेंगे गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अब युवक और महिला को मंगल दल के लिए ऑफिस का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। कोई भी व्यक्ति कमेटी का गठन कर ऑनलाइन वेबसाइट पर आवेदन कर सकता है। आवेदन करने पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी गांव पहुंचेंगे और गठन की पूरी प्रक्रिया की जांच-पड़ताल करने के बाद हरी झंडी देंगे। हर गांव में दल के गठन के लिए विभाग ने खाका तैयार किया है।
जनपद के सभी गांवों में युवक और महिला मंगल दल के गठन के लिए कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए विभाग ने नया प्रोफार्मा तैयार किया है। इन गांवों में कमेटी बनाकर युवक मंगल दल का गठन किया जाएगा, जबकि महिलाओं के लिए भी महिला मंगल दल का गठन किया जाएगा। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों का पूरा ब्योरा तैयार किया गया है।
जिले की 1185 ग्राम पंयायतों में करीब सात सौ में ही युवक मंगल दल और 540 में महिला मंगल दल का गठन है। आधी से अधिक ग्राम पंचायतों में महिला मंगल दल नहीं है। जबकि एक तिहाई गांवों में युवक मंगल दल नहीं है। इतना नहीं निष्क्रिय दलों को भी सक्रिय करने के लिए विभाग ने पुराने मंगल दलों से संपर्क शुरू कर दिया है।
इसके लिए हर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी को हर माह गठन करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत जनवरी माह तक पूरा करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए विभाग विभिन्न माध्यमों से ग्राम पंचायतों में जागरुकता करा रहा है, जिससे ग्रामीण युवक आगे आएं। मंगल दल के जरिए अपनी ऊर्जा का उपयोग सही दिशा में करें। सामाजिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी दर्ज कराएं।
पुरस्कार की है व्यवस्था
देवरिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी नितिश राय ने बताया कि युवक और महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर पांच हजार और जनपद स्तर पर बीस हजार रुपये का पुरस्कार देने की व्यवस्था है। हर गांवों में मंगल दल का गठन किया जाना है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन किए जा सकते हैं। ऑनलाइन के लिए prd.data-centrer.co.in पर आवेदन किया जा सकता है।