संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बाघा छापर निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में शव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।
बाघा छापर गांव निवासी अरुण पांडेय (26) पुत्र कपूर पांडे जो विजयवाड़ा में वेल्डर का काम करते थे। 22 फरवरी को घर आए, तब से घर पर ही थे। शुक्रवार की दोपहर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन समीप के चिकित्सालय ले गए तो डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। जहां से परिजन बिहार प्रांत के मैरवा ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी नेहा व परिजनों का रो-रो कर बुरा हो गया। परिजनों काे रोता देख एक वर्ष की मासूम की भी रोए जा रही थी। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस संबंध में थानाध्यक्ष कल्याण सिंह ने कहा कि तबीयत खराब होने के बाद परिजन इलाज के लिए ले जा रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारण स्पष्ट होंगे।