महुआडीह थाना क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव के रहने वाले थे दीपक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कुशीनगर जनपद के पकवा इनार चौराहा के पास सड़क हादसे में घायल क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव के एक युवक की मंगलवार तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जरूरी कार्रवाई की।
महुआडीह थाना क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव के दीपक (21) दो अप्रैल को गांव के अपने साथी सन्नी के साथ बाइक से कुशीनगर घूमने गए थे। लौटते समय कुशीनगर के पकवाइनार चौराहे के पास नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक की सामने से आ रही एक बाइक से टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल दीपक का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार देर रात डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। मंगलवार तड़के लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा सन्नी भी घायल है। मौत की जानकारी होते ही घर में चीख पुकार मच गई। परिजन शव लेकर घर आए। सूचना पर पहुंची महुआडीह पुलिस को घर वालों ने जरूरी कार्रवाई कराने से मना कर दिया। कुशीनगर पुलिस ने कार्रवाई की। महुआडीह के एसओ महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क हादसे में घायल दीपक की मौत हो गई है। इस मामले में कुशीनगर जनपद की पुलिस कार्रवाई कर रही है।