पत्नी ने लगाया चालक व परिजनों पर हत्या का आरोप
रामपुर खोरीबारी चौराहे पर शनिवार रात को हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। भटनी इलाके के रामपुर खोरीबारी चौराहे पर ऑटो की टक्कर से घायल युवक की चार दिन बाद मौत हो गई। जानकारी पर मायके से ससुराल पहुंची पत्नी ने ऑटो चालक और परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस इसे सड़क दुर्घटना बता रही है। पत्नी का आरोप है कि ऑटो चालक ने जान कर उसे टक्कर मार दिया था।
भटनी थाना क्षेत्र के खोरीबारी मठिया (लक्ष्मीपुर) गांव निवासी रमाशंकर सिंह के पुत्र अजित सिंह (40) शनिवार की रात अपने दोस्तों के एक शादी समारोह में गए थे। देर रात घर लौटने के दौरान अजित रामपुर खोरीबारी चौराहे पर एक ऑटो की टक्कर से घायल हो गए। साथियों ने उनका चौराहे के एक क्लिनिक पर इलाज कराया और घर पहुंचा दिया। परिजनों के अनुसार इलाज के अभाव में सोमवार की रात उनकी मौत हो गई। जानकारी पर मायके से ससुराल पहुंची पत्नी गुड़िया देवी ने ऑटो चालक और सास-ससुर पर साजिश रचकर पति को मारने का आरोप लगाया। उसने पुलिस को तहरीर देकर इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि अजित पिता और मां कृष्णावती के साथ घर रहते थे। जबकि पत्नी काफी दिनों से बच्चों को लेकर मायके रहती है। एसओ वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि जांच में मृतक का चार दिन पूर्व ऑटो से ठोकर लगने से घायल हुआ था। सिर में गंभीर चोट लगने के बावजूद इलाज नहीं कराने मौत होने की बात बताई गई है। माता की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।