- खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला, पुलिस ने दर्ज किया केस
- सीओ बोले युवती को बरामद कर युवक पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव का एक युवक गांव की आधी उम्र की युवती को लेकर फरार हो गया है। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। उधर, घर पर युवती की शादी तय करने की तैयारी चल रही थी। रविवार को ही लड़के वाले युवती को देखने का समय दिए थे। पुलिस तलाश में जुटी है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 41 वर्षीय युवक को गांव की एक 21 वर्षीय युवती से प्यार हो गया। हालांकि, इससे युवती के घरवाले अंजान रहे, जबकि युवक के घरवालों को दोनों के प्रेम-प्रसंग के बारे में जानकारी थी।
युवती इंटरमीडिएट तक पढ़ाई कर नजदीक के एक कस्बे में सिलाई कढ़ाई केंद्र पर सिलाई सीखने जाती थी। आरोप है कि युवक भी उसका पीछा करते कस्बे में आता-जाता था। इसी बीच युवक ने युवती को अपने झांसे में लेकर प्यार में फंसा लिया। दो दिन पहले युवती सुबह में सिलाई सेंटर पर जाने की बात कहकर घर से निकली और देर शाम तक घर नहीं पहुंची।
इससे परिजन तलाश करने लगे। परिजन आसपास के गांवों समेत रिश्तेदारी में खोजबीन करने के बाद थक-हार कर थाने पहुंचे। इसी दौरान युवक के घरवालों से पता चला कि वह भी उसी दिन से लापता है। इसके बाद युवती की मां और छोटी बहन युवक के घरवालों से युवती को बुलाने की बात कहने लगे। इसपर युवक के घरवाले युवती के परिवार को धमकी देते हुए भगा दिए।
उधर, युवती के परिजनों का कहना है कि युवती की शादी के लिए रविवार को ही लड़के वाले देखने के लिए समय दिए थे। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर गांव के प्रेमी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने कहा कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।