संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के पांडेय चक चौराहे पर स्थित एक दुकान की टीन शेड में उतर रहे करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। युवक दुकान पर सामान खरीदने गया था।
पांडेय चक के रहने वाले हरि कृष्ण यादव (22) पुत्र सुरेंद्र यादव किसी दूसरे प्रदेश में रहकर किसी कंपनी में काम करता था, आठ दिन पूर्व वह घर आया था। शनिवार की सुबह वह पांडेय चक चौराहा स्थित एक दुकान पर सामान लेने गया था। जहां बारिश के कारण दुकान पर लगे टीन शेड में करंट उतर रहा था। हरि कृष्ण का हाथ टीन शेड से स्पर्श कर गया और वह करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल था।