भाटपार रानी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया तो आक्रोशित हुए गांव के लोग
फोटो
बनकटा थाना के इंगुरी सराय रेलवे ढाला के पास हुई दुर्घटना, मां-बाप का इकलौता पुत्र था मृतक
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। बनकटा थाना के इंगुरी सराय रेलवे ढाला के पास रामपुर बुजुर्ग-रतसिया कोठी मार्ग पर रविवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पीएचसी बनकटा ले गए, जहां मौके पर डॉक्टर नहीं मिले। उसके बाद लोग युवक को भाटपार रानी पीएचसी ले गए, जहां पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने बनकटा पीएचसी पहुंचकर तोड़फोड़ की।
बनकटा थाना के ग्राम सुंदर पार मिश्रौली निवासी जितेंद्र राय के इकलौता पुत्र अखिलेश राय (23) बाइक से रामपुर बुजुर्ग से घर जा रहे थे। अभी वह इंगुरी सराय ढाले के पास पहुंचे ही थे कि एक अज्ञात वाहन की चपेट आ गए। इस घटना में उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं।
आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी और तत्काल बनकटा पीएचसी लेकर पहुंचे। जहां कोई डॉक्टर नहीं मिला तो वहां हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद अखिलेश को वहां से रेफर कर दिया गया। परिजन लेकर भाटपार रानी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया।
मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आक्रोशितों के हुजूम ने बनकटा पीएचसी पहुंचकर तोड़फोड़ की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सीओ एसपी सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाटपार रानी से बनकटा पहुंचकर की तोड़-फोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहनपुर। बनकटा थाना क्षेत्र के सुंदरपार मिश्रौली गांव निवासी अखिलेश राय की सड़क हादसे में मौत के बाद की सूचना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बनकटा पीएचसी पहुंच तोड़-फोड़ करने के साथ उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को मारा-पीटा। साथ ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो सभी भाग निकले। इस मामले में पुलिस घटना की तहकीकात में जुटी हुई है।
सड़क हादसे में अखिलेश राय के घायल होने की सूचना के बाद उन्हें लेने एंबुलेंस पहुंची तो लोगों ने कर्मियों के साथ बदसलूकी की। बनकटा पीएचसी पहुंचने पर इलाज को लेकर हंगामा किया तो मरीज को रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर भाटपार रानी पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हुजूम के रूप में कुछ लोग बनकटा पीएचसी पहुंचे और तोड़-फोड़ और मारपीट शुरू कर दी। महिला स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि उपद्रवियों ने लेबर रूम में भी घुस कर महिला स्वास्थ्यकर्मियों से अभद्रता की। इस मामले में चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके रंजन ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले उपद्रवियों की तलाश में जुटी हुई थी।
महज 83 दिन में ही उजड़ गई किरन की दुनिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। बनकटा थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग में अखिलेश राय की मौत ने नव विवाहिता किरण की दुनिया महज़ 83 दिन में ही उजाड़ दी। बिहार के सिवान जनपद के मैरवा थाना क्षेत्र के मुडि़यारी निवासी रमेश राय की पुत्री किरन की शादी 11 दिसंबर 2023 को बनकटा थाना क्षेत्र के सुंदर पार ग्वाल निवासी जितेंद्र राय के 24 वर्षीय पुत्र अखिलेश राय हुई थी। पिता के साया से महरूम किरन के भाइयों ने बड़े शौक के साथ धूमधाम से शादी की थी। उन्हें क्या पता था कि महज 83 दिन में ही उसकी बहन की मांग का सिंदूर धुल जाएगा।
सुंदर पार ग्वाल के रहने वाले अखिलेश के पिता जितेंद्र राय पंजाब प्रांत के किसी सूत मिल में कार्य करते थे। अस्वस्थता के कारण वह कुछ वर्षों से घर पर ही हैं। वहीं सूत मिल में अपने इकलौते पुत्र अखिलेश की नौकरी लगवा दी थी।
शादी तय होने पर दिसंबर माह में घर आ गए और तभी से घर पर ही थे। अब पुनः मिल में जाने की तैयारी कर रहे थे। पत्नी किरन, माता निर्मला, बहन कुंती, पिता जितेन्द्र का रोते-रोते बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक अखिलेश काफी मिलनसार युवक था, उसकी मौत पर पूरे गांव में मातम पसरा है।