सिकटिया बाजार स्थित एक दुकान में करता था मुंशी का कार्य
दुकान से घर आने के क्रम में हुई घटना, परिजनों का रोकर बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर सिकटिया पेट्रोल पंप के समीप रविवार की देर शाम अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवक पेड़ से जा टकराया। इस घटना में उसे काफी गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों व राहगीरों ने उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजवाया। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना के बाद युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।
बिहार प्रांत के सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी ओम प्रकाश सिंह (35) पुत्र प्रवीण सिंह सिकटिया बाजार में एक दुकान पर मुंशी का कार्य करते थे। रोज की भांति ओम प्रकाश अपने गांव लौट रहे थे। अभी वह रामपुर बुजुर्ग-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर सिकटिया पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे थे कि उन्होंने बाइक से नियंत्रण खो दिया। उनकी बाइक सड़क के किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई। इस घटना में ओमप्रकाश सिंह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। यह देखकर ग्रामीणों ने उन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पति की मौत के बाद पत्नी गुड्डी देवी और बेटा-बेटी का रोकर बुरा हाल था। मृत मुंशी की मां विद्यावती देवी उसे बार-बार याद करके बेहोश जा रही थी। जबकि पिता अपने बेटे की असामयिक मौत से सदमे में हैं। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि पेड़ से टकराने से युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।