फोटो समाचार..........
कार टकराने के बाद कार से बाहर फेंका गया था युवक, माथे में घुस गया था लकड़ी का टुकड़ा
लार थाना क्षेत्र में इटहरा मिश्र जाते समय रेलवे लाइन की बैरिकेडिंग से टकराई थी कार
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। ससुराल जा रहे युवक की कार इटहरा मिश्र गांव स्थित रेलवे ढाला के पास लकड़ी के बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए रेल ट्रैक से टकरा कर पलट गई। इसमें चालक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई, जबकि कार में सवार मृतक के भांजे को खरोंच तक नहीं आई। मौत की खबर मिलते ही पत्नी अंकिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच हरैया लाला के रहने वाले शिवेश पांडेय (25) पुत्र राधाकांत पांडेय औरंगाबाद गांव के समीप एक टीबीएस एजेंसी में सेल्समैन थे। बृहस्पतिवार को वह घर से किसी की तबीयत खराब होने की बात कहकर भांजे शिवांश पांडेय के साथ कार से निकले। जब वह सलेमपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो भांजे से बोले कि चलो तुम्हारी मामी से मिलकर आते हैं।
अभी वह इटहरा मिश्र गांव स्थित रेलवे ढाला के समीप पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर लकड़ी के बैरिकेडिंग से टकराकर पलट गई। कार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद उसका फाटक खुल गया और चालक के सिर में लकड़ी का टुकड़ा आर-पार घुस गया। कार में सवार चालक का भांजा शिवांश (12) पुत्र अरविंद निवासी भुजौली कॉलोनी देवरिया को खरोंच तक नहीं आई।
शिवेश की तीन वर्ष पूर्व लार थाना क्षेत्र के इटहुरा मिश्र निवासी मिथिलेश तिवारी की बेटी अंकिता के साथ शादी हुई थी। दोनों के बीच सात माह की सिया है।