तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के पैकौली टोला नगऊर में रविवार को प्रेमिका से मिलने गए युवक को प्रेमिका के घर वालों ने लाठी-डंडे से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया था। जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान बुधवार की शाम को उसकी मौत हो गई। युवक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। सुरौली थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी रंजन तिवारी का पैकौली टोला नगऊर की एक युवती से बातचीत होती थी। रविवार को मोबाइल से बात होने के बाद वह प्रेमिका से मिलने चला गया। इसकी जानकारी प्रेमिका के परिवार वालों को हो गई। उन लोगों ने लाठी-डंडे पीट-पीट कर अधमरा कर दिया, जिससे युवक के नाक, कान से खून आने लगा। गांव के किसी व्यक्ति ने युवक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सहयोग कर परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सुरेश, बृजेश, जोखन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इलाज के दौरान युवक की बुधवार की रात मौत हो गई। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जानलेवा हमले की धारा लगाई गई थी, अब विवेचना के दौरान हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।