पानी के टैंकर पर चढ़ कर बंद बंद रहा था ढक्कन, तार ढीला होने की वजह से हुआ हादसा
बिजली निगम की लापरवाही से गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। क्षेत्र के बड़हरा के चौहान टोले पर 11 हजार वोल्ट के लटके तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह सात बजे की है। वह पानी के टैंकर पर चढ़कर ढक्कन बंद कर रहा था। इसी दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
चौहान टोला के रहने वाले अवधेश यादव उम्र 22 बुधवार बह पानी के एक टैंकर पर चढ़कर उसका ढक्कन बंद कर रहे थे कि ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट के ढीले तार की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस कर गिर गए। उनकी उनकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता शंभु यादव भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। जवान बेटे की मौत होने की जानकारी मिलने पर मां मन्नत देवी और भाई रमेश, उमेश, ब्रजेश दहाड़े मार कर रोने लगे। घर में चीख-पुकार मच गई। गांव वालों के अनुसार युवक की पशुपालन विभाग में नौकरी लग गई थी। वह कुछ ही दिनों में ट्रेंनिग के लिए जाने वाला था। घर के लोग उसकी शादी करने की तैयारी भी कर रहे थे। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव गमगीन है। सब लोग बिजली निगम को कोस रहे हैं।
घटना को लेकर गांववालों में गुस्सा है। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार बड़हरा और करमेल बनरही जाने वाले रास्ते पर पोल से कई जगह तार लटक रहा है। एक साल से खतरा बने तार को कई बार सूचना देने के बाद भी टाइट नहीं कराया गया। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर केस दर्ज करने की मांग की। कोतवाल उमेश बाजपेयी ने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी।
बिजली के तार कई साल से लटक रहे हैं। निगम में और संपूर्ण समाधान दिवस पर दर्जनों बार शिकायत की गई। पर तार टाइट नहीं हुआ।
रामबिलास यादव - प्रधान, करमेल बनरही
सड़क किनारे और खेत में 11 हजार वोल्ट का तार पोल से लटक कर इतना करीब आ गया है कि लोगों की जान ले रहा है। युवक की मौत के जिम्मेदार बिजली निगम के लापरवाह अधिकारी हैं। उनके खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
शिवशंकर यादव -ग्राम प्रधान, बड़हरा
जानलेवा बने बिजली के लटके तार
खेत में कैसे चलेगी कंबाइन
फोटो समाचार।
रुद्रपुर। खेत और सड़क किनारे लटक रहे बिजली के तार जान के जोखिम बन रहे हैं। करमेल देवी मंदिर जाने वाली सड़क किनारे तार जमीन से महज छह से सात फीट की दूरी पर लटक रहा है। वहीं बड़हरा और करमेल के सरेह में खड़ी गेहूं की फसल की कटाई भी खटाई में पड़ी है। इन खेतों में 11 हजार वोल्ट का तार लटकने से कंबाइन चलाने में खतरा है। गांव के रामाज्ञा पासवान, राजेश यादव, हंसु,संजय यादव,प्रदीप, रमेश यादव, प्रेम पासी, महेंद्र यादव आदि ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारियों को कोई फर्क नही पड़ रहा है। वह किसानों की जान लेने पर आमादा हैं। तार ऊपर नहीं हुआ तो मशीन से फसल नहीं कट पाएगी। एसडीओ अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि तार टाइट कराने का जेई को निर्देश दे दिया गया है।