क्षेत्र के सोहनरिया गांव की है घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। क्षेत्र के सोहनरिया गांव में शुक्रवार की रात में हल्दी की रस्म में आए कुछ रिश्तेदारों से मामूली विवाद हो गया। अगले दिन बरात पहुंचने पर गोलबंद युवकों ने घेरकर डंडे, बेल्ट व पंच से हमला बोलकर पिटाई कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सोहनरिया के रहने वाले सुनील प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि 17 मई की रात को उनके पड़ोस में संपत प्रसाद के बेटे शैलेष कुमार का हल्दी कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने थाना क्षेत्र के मुण्डेरा बाबू के कुछ रिश्तेदार आए थे। आरोप है कि वे लोग शराब की नशे में धुत थे। गांव के लड़कों से अनायास उलझकर गाली-गलौज करने लगे। गांव के कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव कर मामला शांत कराए।
पीड़ित ने बताया है कि अगले दिन बरात कुशीनगर जिले के कसया थाना अन्तर्गत परसौना खुर्द गई थी। वह भी बरात में गया था। ज्योंहि वहां बरात पहुंची और वह गाड़ी से बाहर निकला, मुण्डेरा गांव के उक्त रिश्तेदारों ने लाठी, बेल्ट और फाइटर से उसके ऊपर हमला बोल दिया। उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर बरात में गए गांव के कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया तब जाकर उसकी जान बच सकी। आरोप है कि उक्त लोगों ने जाते समय जानमाल की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना कसया थाना क्षेत्र की है, वहां के थाने से संपर्क कर दोषियों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।