दुकान से रात में साथियों के साथ कमरे पर जा रहा था नबी
बरहज। रामपुर जनपद के अजीमनगर थाना क्षेत्र के डोकपरी टांडा निवासी नबी हसन को रविवार की रात कुछ मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। नबी ने मनबढ़ों पर फोन तोड़कर 17 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में नबी का कहना है कि वह रात करीब 10 बजे दुकान से कमरे पर जा रहा था। बीआरडीबीडी पीजी कॉलेज के निकट पहुंचा था, इसी बीच कुछ मनबढ़ों ने घेरकर मारापीटा। नबी ने नामजद तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि करीब 12-13 महीने से नबी बरहज में एक जगह दुकान लगाता था। जहां से वह अपनी दुकान अन्यत्र शिफ्ट कर लिया है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदारी को लेकर मारपीट होने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच कराई जा रही है।