फोटो समाचार...
खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरन गांव की घटना, मौके पर पहुंचे पिता और भाई की भी पिटाई
आठ बोरा ब्रान और 25 किग्रा चावल छीनने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरन गांव में ट्रैक्टर ट्राॅली पर हाॅलर मशीन लेकर धान कूटने गए दसवीं के छात्र की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। छात्र पर चोरी का आरोप लगाते हुए राॅड से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे पिता और भाई को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं ट्राॅली में रखा आठ बोरी ब्रान और 25 किग्रा चावल भी छीन लिया गया। मौके से पीड़ित 112 पुलिस को फोन लगाता रहा, लेकिन फोन नहीं लगा। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के मरहवां गांव निवासी दिनेश यादव का छोटा बेटा संगम पढ़ाई के साथ घर के कामों में भी हाथ बंटाता है। दसवीं कक्षा की परीक्षा देने के बाद वह घर पर मौजूद ट्रैक्टर ट्राॅली पर सेट हाॅलर मशीन को लेकर गांव-गांव चावल कूटने जाता है। रोज की तरह रविवार की शाम को भी संगम यादव ट्रैक्टर ट्राॅली लेकर बगल के गांव पिपरा खेमकरन में पवन कुशवाहा का धान कूटने गया। धान कूटने के दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और ट्राॅली में चावल चुराने का आरोप लगाते हुए संगम से उलझ गए। उसने कहा, इसमें चावल नहीं है फिर भी वे लोग मानने को तैयार नहीं थे। एक युवक ने राॅड से संगम पर प्रहार कर सिर फोड़ दिया। लहूलुहान अवस्था में संगम फोन कर पिता से बताया। मौके पर पहुंचे पिता दिनेश यादव और भाई अमन यादव को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ट्राॅली में रखा आठ बोरी ब्रान और 25 किग्रा चावल छीन लिया। पीड़ित मौके से 112 पुलिस को फोन लगाते रहे, नहीं लगा।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि अभी प्रकरण मेरे पास नहीं आया है। आने पर कार्रवाई कराई जाएगी।