फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: हर्निया के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत

Fri, 20 Nov 2026 12:40 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। कसया रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को हर्निया के ऑपरेशन के बाद 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक इसी महीने दुबई से हर्निया का ऑपरेशन कराने घर आया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही युवक की मौत हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद एंबुलेंस से काफी देर तक इधर-उधर घुमाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में नाराजगी फैल गई। सूचना पर सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बघौचघाट थाना क्षेत्र के रामपुर खास महुआबारी निवासी अली अहमद खान के पुत्र मोहम्मद हुसैन खान (35) दुबई में वेल्डिंग का काम करते थे। उन्हें हर्निया की शिकायत थी। इसका ऑपरेशन कराने के लिए वह तीन नवंबर को दुबई से घर लौटे थे। बृहस्पतिवार को अपनी बहन सितारा खातून के साथ कसया रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। सितारा खातून रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के स्यामी पट्टी निवासी हमीद खान की पत्नी हैं। परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे अस्पताल में हुसैन के हर्निया का ऑपरेशन किया गया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ही हुसैन की मौत हो चुकी थी, लेकिन इसकी जानकारी देने के बजाय उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस से पांडेयचक और डुमरी होते हुए गोरखपुर की ओर ले जाया गया। काफी देर तक इधर-उधर घुमाने के बाद शव को वापस अस्पताल लाया गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। अस्पताल में लगे बोर्ड पर डॉक्टर अमित कुमार शर्मा का नाम जनरल सर्जन के रूप में दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, ऑपरेशन किसने किया और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हुसैन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रूबीना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। हुसैन के तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें पांच वर्षीय सिजान खान, तीन वर्षीय अब्बास और दो वर्षीय बेटी शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, हुसैन परिवार की आजीविका चलाने के लिए दुबई में वेल्डिंग का काम करते थे। वह केवल हर्निया का ऑपरेशन कराने के लिए घर लौटे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि इलाज कराने गए हुसैन की मौत हो जाएगी। उनकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की सूचना पर सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई। सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई है। आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें