- जिले के सात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में तीन साल से चल रहा निर्माण
- मई 2022 में पूरी हो चुकी है निर्माण की अवधि, अधर में लटके हैं काम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में खोले गए सात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के परिसर में तीन साल पहले एक साथ छात्रावास का निर्माण शुरू हुआ। इसके लिए सभी को मिलाकर करीब 12 करोड़ की धनराशि शासन से स्वीकृत है। परियोजना पूर्ण करने की अवधि एक साल पहले मई 2022 को ही पूरी हो गई। अब तक छात्रावासों का निर्माण अधूरा है। कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड काम में सुस्ती बरत रही है तो कहीं अन्य विभागों का भी पेच है। छात्रावासों का निर्माण पूरा हो जाता तो सब जगह मिलाकर सात सौ से अधिक छात्राओं को आवासीय शिक्षा की सुविधा मिल जाती।
-
फोटो:
रामपुर कारखाना में फिनिशिंग का कार्य अधूरा
रामपुर कारखाना स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में एकेडमिक ब्लाक व छात्रावास के निर्माण के लिए 28 फरवरी 2020 को मंजूरी मिली। स्वीकृत धनराशि 3.15 में से 2.99 करोड़ रुपये अब तक खर्च हो चुके हैं। छात्रावास के फिनिशिंग का काम अधूरा है।
-
फोटो:
बरहज में भी अधूरा है छात्रावास
बरहज स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में एकेडमिक ब्लाॅक व छात्रावास के निर्माण के लिए 28 फरवरी 2020 को मंजूरी मिली। एकेडमिक ब्लाॅक की धनराशि समर्पित की जानी है। स्वीकृत धनराशि 3.15 में से 1.15 करोड़ अब तक खर्च हो चुकी है। छात्रावास के प्रथम तल के स्लैब के शटरिंग का कार्य चल रहा है।
लार में फिनिशिंग का काम बाकी
लार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में एकेडमिक छात्रावास के निर्माण के लिए फरवरी 2020 में मंजूरी मिली। स्वीकृत धनराशि 1.77 में से 1.67 करोड़ अब तक खर्च हो चुके हैं। छात्रावास के फिनिशिंग का काम अधूरा है।
मिश्रौलिया में पेड़ बना निर्माण में बाधा
बैतालपुर के मिश्रौलिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में छात्रावास के निर्माण के लिए तीन साल पहले 1.77 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई। प्रस्तावित स्थल पर पेड़ मौजूद है। कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड ने इसे कटवाने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया है। कई बार रिमाइंडर भेजने के बाद भी पेड़ हटाया नहीं गया है। जिसके चलते काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
-
यहां भी अधूरे हैं छात्रावास
पथरदेवा के बघौचघाट, भाटपाररानी, सदर ब्लाॅक के खोराराम स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में बन रहे छात्रावास अधूरे हैं।
वर्जन:
छात्रावासों के निर्माण में सुस्ती बरतने वाले दो ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड किया गया है। दो के निर्माण लगभग पूरे हो चुके हैं। हैंडओवर होना बाकी है। सभी ठेकेदारों को शीघ्र निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। - रवींद्र कुमार, सीडीओ