चनुकी। लार थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता मौसी के घर जाने की बात कह कर अपनी छोटी बेटी को छोड़ अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला पर शक हुआ तो परिजन उसके मौसी के गांव तक गए और पता किये तो वहां नहीं पहुंची है। इस मामले में महिला के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है। आरोप है कि महिला अपने सभी जेवरात भी लेकर गई है।
लार कस्बा के एक मोहल्ला की युवती की शादी दो वर्ष पहले इसी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। विवाहिता के परिजनों के अनुसार, बुधवार की सुबह एक बाइक से दो युवक आए और अपने को रिश्तेदार बता कर अंदर चले गए। विवाहिता ने युवकों को अपने मौसी का लड़का बता कर बैठा लिया। कुछ देर बाद महिला मौसी के स्वास्थ्य खराब होने की बात कह कर अपनी एक छोटी बेटी को घर छोड़कर युवकों के साथ बाइक से चली गई। परिजनों ने मना भी किया, फिर भी वह नहीं मानी। कुछ देर बाद संदेह हुआ तो परिजन विवाहिता की तलाश करने लगे तो पता चला कि वह अपने मौसी के घर नहीं आई है। न ही कोई रिश्तेदार गया था। इस घटना की जानकारी महिला के मायके वालों को दी गई। इस बात की शिकायत थाने में की गई है। इस संबंध में इंस्पेक्टर कपिल देव चौधरी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।