बरौली चौराहे पर किराने की दुकान चलाते हैं पति, गैलरी में मोबाइल देख रहा था तीन वर्षीय पुत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज/भलुअनी। क्षेत्र के बरौली गांव में मंगलवार की शाम छत में लगे पंखे से दुपट्टे के सहारे अनीता प्रजापति 26 वर्ष पत्नी मनश्याम का शव लटका मिला।
बताया जा रहा है कि पति चौराहे पर किराने की दुकान पर थे। जबकि तीन वर्ष का पुत्र घर के गैलरी में मोबाइल से खेल रहा था। सूचना पर पहुंची भलुअनी पुलिस शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरौली गांव निवासी मनश्याम प्रजापति पुत्र स्व. कतवारू की शादी मईल थाना क्षेत्र के अकूबा गांव में हुई थी। उससे तीन वर्ष का एक पुत्र और छह माह की एक पुत्री है। लोगों के अनुसार, शाम को मनश्याम एलआईसी का बांड लेकर घर गए। कमरे का नजारा देख वह दंग रह गए। कमरे में अनीता का शव छत में लगे पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका था। पत्नी को मृत अवस्था में देख मनश्याम बदहवास हो गए। जबकि पुत्र मां को देख रोने लगा। घर में रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए।
जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि अनीता ने दोपहर में मायके वालों से फोन पर बात भी की थी। उसके इस कदम से लोग हतप्रभ हैं। जानकारी होने पर इंस्पेक्टर अर्चना सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अनीता का मोबाइल कब्जे में लेकर तहकीकात में जुटी है। सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच कराई जा रही है।