- मायके वालों ने लगाया महिला को मार डालने का आरोप, पुलिस ने पीएम के लिए भेजा शव
- बरहज थाना क्षेत्र के अमांव की घटना, चर्चाओं का बाजार गर्म
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। थाना क्षेत्र के अमांव में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर महिला को मार देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पर ससुराल व मायके पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और उनमें कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दो पक्षों को हटाकर मामला शांत कराया।
थाना क्षेत्र के अमांव निवासिनी सिरमावती देवी (51) पत्नी महेश यादव की शुक्रवार को तबीयत खराब हो गई। परिजन कुछ समझ पाते कि उनकी मौत हो गई। सिरमावती के मौत की जानकारी होने पर उसके मायके वाले ससुराल पहुंच गए और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं मायके वालों के आरोप पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर पोस्टमार्टम हाऊस पर किसी बात को लेकर मायके व ससुराल के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। सिरमावती के चाचा सुरेश ससुरालियों पर भतीजी को मार देने का आरोप लगा रहे थे। सिरमावती की मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
ससुरालियों ने कहा, घबराहट व पसीना होने की बात कह हो गई अचेत
ससुरालियों के अनुसार, सिरमावती देवी को अचानक पसीना आने लगा। परिजनों के अनुसार घबराहट और पसीना होने की बात कहते हुए वह अचेत हो गई। लोग जब तक उन्हें अस्पताल ले जाते, उनकी मौत हो गई। सिरमावती के मौत की जानकारी होने पर मायके से लोग भी पहुंच गए। चाचा सुरेश ससुरालियों पर भतीजी को मार देने का आरोप लगा रहे थे।
महिला की कोई संतान नहीं, पति टेंपो चलाते हैं
लोगों के अनुसार भलुअनी थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव निवासिनी सिरमावती की शादी 1992 में अमांव गांव के महेश यादव से हुई थी। इनसे कोई संतान नहीं है। महेश यादव मुंबई में ऑटो चलाते थे। जो करीब तीन-चार वर्ष से गांव में रहकर ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाते हैं। सिरमावती की मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा है।