फोटो समाचार..फाइल फोटो रीतू यादव
- पिता ने हत्या की जताई आशंका, धर्मखोर बाबू गांव का मामला, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। क्षेत्र के धर्मखोर बाबू गांव में शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में कमरे में एक विवाहिता का शव मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। वहीं, कौलाडाबर गांव निवासी विवाहिता के पिता ने थाने में तहरीर देकर ससुरालियों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
भटनी थाना क्षेत्र के धर्मखोर बाबू गांव निवासी मनीष यादव की शादी कौलाडाबर गांव की रहने वाली रीतू यादव (25) से हुई थी। दोनों से तीन माह का बेटा भी है। जानकारी के मुताबिक, रीतू बृहस्पतिवार की रात बेटे को लेकर कमरे में सोने चली गई। जबकि मनीष और उसकी मां दरवाजे पर खाट डाल कर सो गए। शुक्रवार भोर में रीतू उठी और बेटे को सास के पास सुलाकर कमरे में चली गईं।
परिजनों ने घर का काम करने के लिए ऐसा करना सोचा। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे तक रीतू के कमरे का दरवाजा बंद होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। दरवाजा तोड़ कर अंदर जाने पर रीतू मृत अवस्था में पड़ी मिली। पति मनीष की सूचना पर पहुंचे एसओ उदय शंकर कुशवाहा शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गए।
वहीं, विवाहिता के पिता पुलिसकर्मी मुन्ना यादव ने थाने में तहरीर देकर ससुराल वालों पर दहेज के लिए विवाहिता को मार डालने की बात कही है। उन्होंने शिकायती पत्र में बताया कि शादी के कुछ माह बाद ही पति व अन्य दहेज की अतिरिक्त मोटी रकम मांगने लगे। बेटी की शिकायत पर ऐसा नहीं करने की अपील की गई थी, लेकिन आए दिन प्रताड़ना करने की बातें आती रही हैं। उन्होंने पति व अन्य ससुरालियों पर रीतू की गला दबाकर हत्या करने की बात कही है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में केस दर्ज किया जाएगा।