संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। शनिवार को देवरिया से पति के साथ बाइक से घर जा रही महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी। महिला की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। वहीं, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार है।
थाना क्षेत्र के शापुर शुक्ल निवासी लक्ष्मी शुक्ल अपनी पत्नी पुष्पा शुक्ला के साथ देवरिया से घर जा रहे थे। विशुनपुरा बाजार के पास ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। पति-पत्नी जमीन पर गिर पड़े। इसमें महिला को गंभीर चोट लग गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा लाया गया, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया था। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। देर शाम को शव गांव पहुंचा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। परिजन पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिए। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।