फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: हत्या कर फेंकी गई महिला की लाश की पिता ने की शिनाख्त, डेढ़ साल की बेटी लापता

Thu, 08 Feb 2024 02:20 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
फॉलोअप-
विज्ञापन

लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव में हत्या कर फेंकी गई थी महिला की लाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास गेहूं के खेत में हत्या कर फेंके गए 35 वर्षीय महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। वह चुरिया गांव की ही रहने वाली थी।
इस मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। डेढ़ वर्ष की बेटी भी लापता बताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस घटना की तह तक पहुंच चुकी है। जल्द ही खुलासा कर सकती है। हालांकि, पुलिस मामले में कुछ भी कहने से इन्कार कर रही है। वहीं, हत्यारोपी पति की तलाश में पुलिस छापा मार रही है।
विज्ञापन

गांव के बाहर मिले शव की शिनाख्त में दो दिन लग गए। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि मृतका का पति मनबढ़ है। उसके भय के कारण लोग कुछ नहीं बता रहे थे।
लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के चुरिया टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास गेहूं की खेत में हत्या कर फेंका गया 35 वर्षीय महिला का शव सोमवार को मिला था। चेहरे व सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। हत्या की सूचना पर फॉरेंसिक टीम, एसओजी, डाॅग स्क्वॉड सहित थाने की पुलिस छानबीन में जुट गई। इस मामले में पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर शिनाख्त करने में जुटी थी।
पुलिस मंगलवार को बलिया जिला के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर गांव पहुंची। वहां इसी गांव के बेचन यादव ने पुत्री रिंकू यादव के रूप में पहचान की। रिंकू की शादी करीब तीन साल पहले चुरिया में हुई थी। सूत्रों की मानें तो हत्या का संदेह पति पर है। उसने ही पत्नी की हत्या कर शव को घर में छिपा दिया। जब शव सड़ने लगा तो गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास बोरे में भरकर फेंक दिया।
हत्या आशनाई में हुई है या पारिवारिक कलह अथवा बेटी को मारने को लेकर, अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, घटना को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे पति की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। बुधवार को कई जगह दबिश भी दी। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर सकती है। हालांकि, इस मामले में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।

घटना को अंजाम देने के बाद चला गया ससुराल
सूत्रों की मानें तो रिंकू का पति उसे मौत के घाट उतारने के बाद शव को घर के कमरे में छुपा दिया। कुछ दिन बीतने के बाद उसे गांव के समीप गेहूं के खेत में बोरे में भरकर फेंक दिया। इसके बाद अपनी ससुराल मिल्कीपुर चला गया। यहां सभी से हमेशा की तरह व्यवहार कर कुशलक्षेम पूछा। फिर रात में भोजन कर सो गया।
मंगलवार को पुलिस उसकी ससुराल पहुंची तो चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, सूत्रों की मानें तो पुलिस ने उसे दबोच लिया है, लेकिन पुलिस इस बात से इन्कार कर रही है।

डेढ़ वर्ष की बेटी भी है लापता
रिंकू की बेटी डेढ़ वर्ष की है। ग्रामीणों की मानें तो वह लापता है। आशंका जताई जा रही है कि इसकी भी हत्या कर कहीं ठिकाने लगा दिया हो। बहरहाल, पुलिस इसकी भी बारीकी से जांच कर रही है। एसओजी और पुलिस की टीम ने दोपहर बाद चुरिया पहुंचकर नदी के तट पर तलाश की। इसके बाद ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। ग्रामीणों की मानें तो वह अंतर्मुखी किस्म का है। गांव में बहुत कम लोगों से बात करता है।

मां को भी उतार चुका है मौत के घाट
रिंकू का पति अपनी मां को भी दो वर्ष पहले सिर में प्रहार कर मौत के घाट उतार चुका है। कानून के शिकंजा से बचने के लिए आनन-फानन उसने शव का दाह संस्कार कर दिया था। इधर, शव मिलने के बाद कुछ ग्रामीणों को जानकारी हो चुकी थी कि उसी की पत्नी है। लेकिन उसका भय इतना है कि किसी में उसके खिलाफ पुलिस को घटना की जानकारी देने की हिम्मत नहीं हुई।

डाग स्क्वाॅड की टीम देख भाग गया आरोपी पति
रिंकू का शव खेत में मिलने के बाद ग्रामीण सहित इलाके के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर लग गई। पति भी भीड़ में पहुंच गया। कुछ देर बाद एएसपी दीपेंद्र चौधरी, सीओ दीपक शुक्ला सहित एसओजी, डाॅग स्क्वाड, फॉरेंसिक टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने लगी। इसी बीच टीम का कुत्ता भी आसपास घूमने लगा। वह यहीं से ससुराल भाग गया।

बेटी के शव को देख फफक पड़े पिता
शव की शिनाख्त करने मोर्चरी हाउस पहुंचे पिता बेचन यादव बेटी के चेहरे को देख सन्न रह गए। इसके बाद फफकने लगे। यह देख साथ पहुंचे लोगों ने उन्हें संभाला। इसके बाद दामाद की करतूत पर पछतावा कर रहे थे। वह कह रहे थे कि तीन वर्ष पहले शादी की थी। अगर जानता कि यही हाल करेगा तो कभी बेटी का हाथ इसके हाथ में नहीं देता।

दो दिन से ग्रामीणों ने साधी थी चुप्पी
रिंकू देवी की हत्या के बाद शव खेत में फेंक दिया गया था। दो दिन तो शव की शिनाख्त में पुलिस बिहार जिले के थाना क्षेत्र सहित बलिया में भटक रही थी। बावजूद इसके चुरिया गांव के लोगों से महिला की पहचान नहीं हो सकी। चर्चा है कि क्या किसी ने नहीं देखा कि वह इसी गांव की है या फिर आरोपी के भय से किसी ने जुबान नहीं खोली। इधर, अब भी गांव वाले उससे जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी देने से कतरा रहे हैं।
विज्ञापन


कोट-
घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटना के करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। लापता बच्ची की भी तलाश की जा रही है।
-दीपक शुक्ला, सीओ सलेमपुर
कोट
घटना पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद में हुई लग रही है। आशंका यही है कि पति ने ही रिंकू यादव की हत्या की है। घटना के बाद से ही वह फरार है। मंगलवार को इस मामले में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया था। बुधवार की देर शाम मृतका के मायकेवाले तहरीर देने की बात कह रहे थे। उसके बाद मुकदमा नामजद हो जाएगा। हम घटना के खुलासे के करीब हैं। एक-दो दिन में पति को गिरफ्तार कर इसका खुलासा कर दिया जाएगा।
-संकल्प शर्मा, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें