लकड़ी हटाने को लेकर कहासुनी के दो पक्ष में हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। लकड़ी हटाने को लेकर छह दिन पहले कहासुनी के बाद दो पक्ष में विवाद हो गया था। इसमें एक पक्ष के कुछ मनबढ़ किस्म के युवकों ने एक महिला पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। इसमें महिला का पैर टूट गया था। पीड़ित महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बरसीपार छावनी टोला गांव की रहने वाली गीता देवी पत्नी जितेंद्र यादव ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 3 मई की शाम करीब पांच बजे बाजार कर वह घर पहुंची। इसी बीच बगलगीर अमित चौहान बोला कि हमारी जमीन से लकड़ी हटा दो। जब मैंने लकड़ी अपने जमीन रखे जाने का जिक्र किया तो हमारे ऊपर अमित चौहान लोहे की रॉड से मारने-पीटने लगे। इससे हमको गंभीर चोटें आईं और पैर टूट गया है। शरीर में अंदरूनी चोट लगी है। 112 नंबर पुलिस बुलाई थी। पुलिस के जाने के बाद अमित चौहान, गब्बर चौहान, शामु चौहान व प्रदीप चौहान गाली गुप्ता देते हुए जान से खत्म करने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज का मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।