वैक्सीन की कमी से निराश लौट रहे लोग
रुद्रपुर। कोरोनारोधी वैक्सीन नहीं आने से सीएचसी पर इंतजार कर रहे लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। बिना टीका लगवाए घरों को लौट गए।
क्षेत्र में कोरोना टीकाकरण अभियान चल रहा था। मंगलवार को वैक्सीन समाप्त होने पर अभियान थम गया। अस्पताल में लाइन में लगे लोगों को अगले दिन टीकाकरण होने का आश्वासन दिया गया। बुधवार को दोपहर बाद बताया गया कि वैक्सीन नहीं पहुंची है तो इंतजार में बैठे लोग आक्रोशित हो गए। महेशपुर के शिवाकांत तिवारी, मीरा देवी, नकईल निवासी होसिला देवी, दीनापार की आरती देवी, गहिला के राधेश्याम ने कहा कि दो दिन से टीका लगवाने के लिए अस्पताल का चक्कर काटना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कोई भी जिम्मेदार सही सूचना नहीं दे रहा है। वहीं प्रधानों ने सीडीओ से मिलकर गांवों में टीकाकरण अभियान शुरू कराने की मांग की। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश यादव ने कहा कि जिले से जल्द ही वैक्सीन की खेप पहुंचने की उम्मीद है। टीकाकरण अभियान तेजी से चलाया जाएगा।