बघौचघाट। पहले से शादीशुदा एक शख्स चोरी से दूसरी शादी रचा रहा था तभी पहली पत्नी पुलिस के साथ बरात में पहुंच गई। पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले गई वही दूल्हे के पिता को लड़की पक्षवालों ने बंधक बना लिया। दहेज और सामान वापस करने का दबाव बनाने लगे।सुबह तक दोनों पक्षों में पंचायत हुई और सामान वापसी की सहमति पर मंगलवार भोर में लोगों ने लड़के के पिता को छोड़ दिया। कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक शख्स की पहली शादी पटहेरवा थाना क्षेत्र में हुई है। शादी के कुछ दिनों बाद पति पत्नी में विवाद शुरू हो गया। इससे नाराज होकर पत्नी मायके चली गई। इधर पति की दूसरी शादी बघौचघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हो गई। सोमवार को पथरदेवा के एक मैरेज हॉल में लड़के पक्ष वाले बरात लेकर पहुंचे। द्वारपूजा भी हो गया था। इसी बीच जयमाल की रस्म शुरू हो गई तभी दूल्हे की पहली पत्नी रामकोला पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई, कार्यक्रम में हंगामा शुरू हो गया।