संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। ब्लॉक के चकरा गोसाई गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर गेहूं के खेत में आग लग गई। इससे कई किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। किसानों ने क्षतिपूर्ति की मांग की है।
आग से कोतवाली क्षेत्र के महथापार निवासी शिवनारायण गोड़ का करीब एक एकड़ व करौता निवासी उमाशंकर प्रसाद की करीब दस कट्ठा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं महथापार निवासी बालेशवर यादव का गेहूं की मड़ाई कर खेत में रखा भूसा व गेहूं जलकर राख हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को देख किसानों ने क्षति पूर्ति की मांग की। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता जयनाथ कुशवाहा ने एसडीएम से बात कर तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग की।