क्वारंटीन सेंटर से नहाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत
तरकुलवा। कवला मुंडेरा गांव के क्वारंटीन सेंटर में रह रहा एक युवक छोटी गंडक नदी में नहाने के दौरान डूब गया। तीन दिन पूर्व ही वह पुणे से आया था।
कवला मुंडेरा गांव निवासी 30 वर्षीय युवक पुणे में रहता था। कोरोना महामारी के चलते हुए लॉकडाउन में वह फंस गया। ऐसे में वह 19 मई को घर आया। गांव के प्राथमिक विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर में रहने लगा। बृहस्पतिवार की दोपहर में वह गांव के सामने छोटी गंडक नदी में नहाने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घाट पर कुछ लोग पशु लेकर पहुंचे तो देखकर उन्होंने शोर मचाया। कुछ देर बाद बगल के गांव के युवक ने शव बाहर निकाला। मौके पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा मयफोर्स पहुंचे। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर शव का पोस्टमार्टम कराया।