जिला व तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर गिरकर घायल हो रहे लोग
- ट्रेन के सिवाय देवरिया व सलेमपुर जाना हुआ कठिन
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। भटनी-भरथुआ सड़क मार्ग पर स्थित साहोपार तिराहे पर रेलवे लाइन के नीचे बने अंडरपास में बारिश का पानी भर गया है। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास में घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। कई बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। लेकिन पानी निकलवाने की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
रेलवे ने लोगों की सुविधा के लिए रेलवे लाइन के नीचे से अंडरपास बनाया है। क्षेत्र के लोगों को इस रोड से होते हुए भरथुआ, सलेमपुर, देवरिया तक जोड़ता है। लेकिन पिछले दिनों से हो रही बरसात के चलते इस अंडरपास में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है। जिसकी वजह से पैदल लोग नहीं निकल सकते। वहीं दोपहिया वाहनों को निकालना खतरनाक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि अंडरपास बना दिया लेकिन पानी निकलने की व्यवस्था नही होने से इसके अंदर पानी भर जाता है। जिसकी वजह से अंडरपास में भारी जलभराव हो गया है। इसे निकाला भी नहीं जा रहा है। पानी को देखकर पैदल लोग तो वहां से निकल ही नहीं पाते हैं। ऐसे में जान को जोखिम में डालकर रेलवे लाइन क्रॉस करते हैं।
...
बोले लोग
.....
अंडरपास में पानी भरने की वजह से पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। कई बाइक सवार इसमें गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। छात्रों को स्कूल -कॉलेज जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर जाना पड़ रहा है।
- अजय कुमार यादव
प्रबंधक
....
अंडरपास तो बन गया है लेकिन पानी निकालने की व्यवस्था दूर दूर तक दिखाई नही दे रही है। जिसकी वजह से पानी सीधा अंडरपास में गिरने से जलभराव हो गया है। जिसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
शिवेंद्र कुमार, एडवोकेट देवरिया
जिला और तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाली एक मात्र सड़क पर जलभराव के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे के जिम्मेदारों से कई बार शिकायत की गई है लेकिन सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।
दुर्गेश यादव, हतवा बाजार
....
रेलवे अंडरपास बनने के समय ही इसका विरोध किया गया था। लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने झूठा आश्वासन देकर अंडरपास बनवा लिया गया। अब बरसात में जलभराव के चलते सड़क अवरुद्ध है। लोग गिरते-पड़ते गंतव्य को जा रहे हैं। जल निकासी की व्यवस्था अत्यंत जरूरी है।
अंबरीश मिश्र, देवघाट