भाटपार रानी के बीआरडी इंटर कॉलेज परिसर में हुआ जल भराव।संवाद
नगरवासियों का घरों से निकलना हुआ दुश्वार
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। नगर व क्षेत्र में सोमवार को तड़के शुरू हुई मूसलाधार बारिश दोपहर बाद तक जारी रही। इससे नगर के वार्डों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे नगरवासियों का घरों से निकलना दुश्वार हो गया है। वहीं मालवीय रोड, बापू रोड के कई दुकानों में पानी घुस गया।
सबसे खराब स्थिति नगर के वार्ड नंबर पांच रामपुर लिटिहा की हो गई है, जहां एक तरफ वार्ड के लोग विद्युत समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं जल निकासी की अब तक कोई व्यवस्था न होने से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश से यह वार्ड चारों तरफ से पानी से घिर गया है। सभासद कैलाश यादव के घर के पास घुटने तक जलभराव है। बीआरडी इंटर कॉलेज का मैदान लबालब पानी से भर गया है। यहां पानी निकलने की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा विंध्यवासिनी कॉलोनी, रानी पोखरा, शिव मंदिर वार्ड, सोहनपार और पोखरापार वार्ड में भी जलभराव हो गया है। इन वार्डों में भी जल निकासी की कोई सुनिश्चित व्यवस्था नहीं है। नगर के बापू रोड और मालवीय रोड की दुकानों के अंदर तक पानी घुस गया है। बापू रोड के रास्ते होकर मालवीय इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज का पानी निकलता है। नाली जाम होने से वहां स्थिति भयंकर हो चली है। नगर के अशोक गुप्ता, दीपक जायसवाल, मोहन गुप्ता, चंदन मद्धेशिया, अनिल गुप्ता आदि ने नगर प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन की ओर से जगह-जगह जलभराव को काटकर निकासी की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए स्थाई व्यवस्था की जाएगी, ताकि इस तरह की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।