सीडीओ ने की कौशल विकास मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कौशल विकास मिशन के तहत संचालित योजनाओं में प्रशिक्षण के लिए नामित संस्थाएं युवाओं के पंजीकरण में कोताही बरत रही हैं। शुक्रवार विकास भवन के गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में हकीकत सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने संस्था संचालकों की जमकर क्लास लगाई। सर्वदा श्रीजन शिक्षण एवं सेवा संस्थान की ओर से 150 के सापेक्ष शून्य युवाओं को पंजीकृत करने पर ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दी।
सीडीओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन लखनऊ की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय, ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत जनपद में प्रशिक्षण के लिए 15 संस्थाओं को 2534 लक्ष्य आवंटित किया गया है। बास नोलेज ग्रोथ इनिशिएटिव प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर की ओर से 33 के सापेक्ष 22 युवाओं को पंजीकृत किया गया है। इस संस्था के कार्य नहीं करने के संबंध में जिलाधिकारी ने ब्लैक लिस्ट करते हुए जो धनराशि शासन से प्राप्त है उसे पांच जून तक वापस कराने के लिए जिला समन्वयक कौशल विकास, देवरिया को निर्देशित किया गया है। एसएसडीएफएसटीटी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में जनपद में 12 संस्थाओं को 3223 युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए लक्ष्य आवंटित किया गया था। जिसमें फर्स्ट सोर्स प्रशिक्षित 257 युवा, जैन आईटी बेंस प्राइवेट लिमिटेड में 108 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बैतालपुर में 27 व ब्रिज रूफको प्राइवेट लिमिटेड में 216 युवाओं का मूल्यांकन नहीं कराया गया है। इन संस्थाओं को नोटिस जारी करने के लिए जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन को निर्देशित किया गया है।