गुजरात फुटबाल के सुपर लीग में देवरिया के विशेष ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। एक मई से शुरू हुए गुजरात फुटबाल सुपर लीग में देवरिया के रहने वाले फुटबाल खिलाड़ी विशेष पांडेय का कर्णावती नाइट्स टीम में चयन हुआ है। कर्णावती की टीम अपने पहले मुकाबले में विशेष के दो गोलों की बदौलत 3-1 के अंतर से मैच जीत गई। इस मुकाबले में विशेष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तरकुलवा विकास खंड के गोपालपुर गांव निवासी रजनीश पांडेय किसान हैं। उनके पुत्र विशेष पांडेय शुरू से खेल में रुचि रखते थे। प्राइमरी शिक्षा के बाद विशेष अपने चाचा नीरज पांडेय के पास गुजरात के अहमदाबाद में पढ़ाई के लिए चले गए। नीरज पांडेय वहां रेलवे में नौकरी करते हैं। विशेष पढ़ाई के साथ-साथ फुटबाल खेलने में काफ़ी रुचि लेने लगे।
विशेष के चाचा ने उन्हें फुटबाल सीखने के लिए अहमदाबाद के फुटबाल स्टेडियम में दाखिला दिला दिया। बचपन से फुटबाल के प्रति जुनून ने विशेष को फुटबाल का अच्छा खिलाड़ी बना दिया।
अपने खेल के दम पर वह गुजरात प्रांत के अंडर-12 से अंडर-19 और स्टेट की सीनियर टीम से खेल चुके हैं। वह वर्तमान में भी गुजरात की सीनियर टीम का हिस्सा है। वह कई नेशनल प्रतियोगिता में गुजरात टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।
गुजरात के प्रसिद्ध फुटबाल सुपर लीग में इस वर्ष उनका चयन हुआ है। इस लीग में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। विशेष का कर्णावती नाइट्स टीम में चयन हुआ है। यह लीग एक मई से शुरू हुई और 12 मई को फाइनल खेला जाएगा। विशेष फुटबाल के साथ बीपीएड की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता किसान हैं। वह गांव में खेती करते हैं।
भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने के लिए कर रहे मेहनत
विशेष ने बताया कि उनका सपना भारत की टीम से खेलना है। इसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। गुजरात प्रांत के लिए खेलने की उपलब्धि के पीछे वह अपनी दादी दुर्गावती पांडेय की प्रेरणा मानते हैं। बीते शुक्रवार को अपने पहले मैच में कर्णावती की टीम ने सौराष्ट्र स्पोर्ट्स की टीम को 3-1 से हरा दिया। इस मैच में विशेष ने दो गोल किया था। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
विशेष की फुर्ती उसे अन्य खिलाड़ियों से करती है अलग
विशेष के प्रशिक्षक धर्मेश पटेल ने बताया कि विशेष बहुत ही शानदार फारवर्ड खिलाड़ी हैं। उनकी फुर्ती से विरोधी टीम के खिलाड़ी परेशान रहते हैं। आने वाले समय में विशेष देश की राष्ट्रीय टीम के हिस्सा बनेंगे।