खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुजुरी खुर्द गांव में बृहस्पतिवार दोपहर को मकान का छज्जा निकालने से रोकने पर कुछ लोगों ने मां और बेटे को लोहे की राड से हमला कर सिर फोड़ दिया था। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को दोनों पक्षों से चार लोगों समेत एक अन्य मामले एक का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को उनके घरों में हिरासत में लेकर कार्रवाई की है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुजुरी खुर्द गांव निवासी रामू राजभर पक्ष का मकान निर्माण का कार्य चल रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर को मकान का छज्जा निकालने को लेकर मनीष कुमार खरवार से विवाद होने लगा। आरोप है कि रामू पक्ष के लोगों ने मनीष के उपर लोहे की राड से हमला कर दिया। जिससे मनीष का सिर फट गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर बीच बचाव करने पहुंची उसकी मां आशा देवी को भी हमलावरों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया।