तरकुलवा विकासखंड के ग्राम पंचायत भरौटा में लगी चौपाल
न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा विकासखंड के ग्राम पंचायत भरौटा में शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों को नाली, खड़ंजा, आवास, शौचालय, मनरेगा, पशुपालन के साथ कृषि तकनीकी पर सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं बताईं, जिसका मौके पर ही अधिकारियों ने निस्तारण किया।
ग्राम चौपाल में कैलाश पुत्र रामदेव व सुरेन्द्र राव पुत्र ईश्वर राव ने पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा खाते में नही आने की शिकायत की। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते एनपीसीआई से लिंक नही हैं। मौके पर ही इंडियन पोस्ट बैंक में दोनों लोगों का खाता खोलकर उनकी समस्या का समाधान कर दिया गया। इसी तरह अनीता देवी पत्नी बृज बिहारी, राजकुमार पुत्र कांता चौहान, बैरिस्टर यादव पुत्र जयपाल व मोतीरानी देवी पत्नी कांता के पीएम किसान सम्मान निधि के खाते का कृषि विभाग के बीटीएम वीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने ई-केवाईसी किया। बीडीओ विनय कुमार द्विवेदी ने धर्मशीला देवी पत्नी सुरेश यादव, मिट्ठू देवी पत्नी बैरिस्टर प्रजापति व मीना देवी पत्नी राम प्रवेश यादव को पीएम आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि चौपाल के माध्यम से लोग समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए बढ़-चढ़कर भाग लें। इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी शशांक शेखर राय, ग्राम प्रधान राधेश्याम गुप्ता, सेक्रेटरी सुनील कुमार पासवान, तकनीकी सहायक ओंकार नाथ त्रिपाठी और प्रधानाध्यापक शौकत अली आदि मौजूद रहे।