उपभोक्ताओं ने जड़ा सब स्टेशन पर ताला
तीन माह से बाधित है नकइल में 100 घरों की आपूर्ति
आरोप-नहीं उठता है एसडीओ का मोबाइल नबंर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। बिजली विभाग की उदासीनता और लापरवाही को लेकर नकइल गांव के लोगों ने सोमवार को रुद्रपुर पॉवर हाउस पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपभोक्ताओं ने सब स्टेशन पर ताला लगाकर बिजली विभाग के अधिकारियों पर शिकायतों के निस्तारण में रुचि नहीं लेने का आरोप लगाया। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कहा कि नकइल गांव के 100 घर तीन माह से अंधेरे में हैं। यहां स्कूल की आपूर्ति भी बाधित चल रही है। तार टूटने से उपभोक्ता तीन माह से परेशान हैं। बिजली विभाग के आला अधिकारियों को बार-बार सूचना देने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो रही है। एसडीओ अवनीश श्रीवास्तव का सीयूजी मोबाइल नंबर निरंतर ऑफ रहता है। वह कभी भी उपभोक्ताओं का फोन नहीं उठाते। बिजली विभाग की उदासीनता से नकइल गांव के लोग भीषण गर्मी में बिजली के बिना जलालत झेल रहे हैं।
गांव के पीड़ित उपभोक्ताओं ने पॉवर हाउस पर ताला बंद कर चार घंटे तक घेराव किए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर ताला खुलवाया। इस अवसर पर उपभोक्ता त्रिभुवन सिंह, सनातन मिश्रा, शुभम, मुंशी प्रसाद, उमेश यादव, विशाल यादव, बीरसेन, बृजेश, राकेश सिंह, संतविजय सिंह और विपिन सिंह आदि ने कहा कि यदि 24 घंटे के अंदर नकइल गांव की आपूर्ति बहाल नहीं हुई। तो पूरा गांव पॉवर हाउस घेर कर डेरा डालेंगे।
उन्होंने एसडीओ और जेई के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पॉवर हाउस के घेराव के दौरान एसडीओ मौजूद नहीं थे। उनसे बात करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। इस बाबत अधिशासी अभियंता ब्रजेश कुमार ने कहा कि आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दे दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी की जांच कर कार्रवाई होगी।