संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। विकास खंड के ग्राम विशुनपुरा में अधूरे पंचायत भवन के निर्माण पर गांव वालों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने इसकी जांच कर कार्य पूरा कराए जाने तथा गांव में बने सामुदायिक शौचालय का ताला खुलवाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में गांव के रामा यादव, प्रमोद, नंदकिशोर, भूपेंद्र, विपिन आदि ने कहा है कि वर्ष 2019-20 में उनके गांव के पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। इस मद की संपूर्ण धनराशि की निकासी भी हो चुकी है। जबकि आज तक पंचायत भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इसके अलावा शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि सामुदायिक शौचालय गांव में बनकर तैयार हैं, लेकिन उसमें ताला जड़ दिया जा रहा है। इससे गांव की महिलाओं को दिक्कत उठानी पड़ रही है। उन्होंने इसकी सक्षम अधिकारी से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।