जंगल से भटके हिरण के बच्चे को ग्रामीणों ने पकड़ा
भाटपाररानी। बनकटा विकास खंड के उत्तरी छोर पर स्थित मिश्रौली खास गांव के युवाओं ने भटक कर आए हिरण के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे हिरण के बच्चे को कुत्ते दौड़ा रहे थे। विशाल ने गांव के अन्य युवकों के साथ कुत्तों को भगाकर हिरण के बच्चे को सुरक्षित किया और वन कर्मियों को इसकी सूचना दी। वन दरोगा देवेंद्र शाह, वन रक्षक रत्नेश दुबे ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। रेंज अफ़सर शकील अहमद ने युवाओं की तारीफ की। हिरण का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर सिरसिया पवार स्थित पौधशाला में रखने के निर्देश दिए। रेंजर ने बताया कि यह पाढ़ा प्रजाति का हिरण है। हल्की खरोंच लगी है। इसका इलाज किया जा रहा है।