बरहज के मेहियवां में अवैध बालू खनन की सूचना पर जांच करते अधिकारी संवाद
मेहियवां से देवरिया बाईपास रामजानकी मार्ग पर बिछ गई है बालू की परत
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर-क्षेत्र के मेहियवां सरयू नदी तट पर अवैध बालू खनन से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को वाहनों के आवागमन के लिए बनाए गए रास्ते को ट्रैक्टर से जोत कर प्रशासन से शिकायत की। बालू खनन से देवरिया बाईपास तक रामजानकी मार्ग पर बालू की मोटी परत बिछ गई है। जिससे दुर्घटना की आशंका प्रबल हो रही है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। ग्रामीणों ने खनन न रोके जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मेहियवां के निकट सरयू नदी तट पर मैनुअल पट्टा के जरिये मशीन आदि लगाकर बालू खनन कराया जा रहा है। 100 से अधिक की संख्या में नाराज ग्रामीणों ने कराए जा रहे खनन को रोकते हुए रास्ता जोत दिया। उसके बाद तहसील पहुंचकर अधिकारियों से इसकी शिकायत की। ग्राम प्रधान पदमाकर मिश्र और नवापार प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव बहुगुणा ने कहा कि सड़क पर बालू की मोटी परत जम गई है। जो छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं को दावत दे रही है। शिकायत के बाद भी अधिकारियों के कानों तले जूं नहीं रेंग रही है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को शिकायती पत्रक देकर अवैध खनन रोकने की मांग की। जानकारी होने पर नायब तहसीलदार रवींद्र मौर्य सतरांव चौकी इंचार्ज महेंद्र मोहन मिश्र आदि के साथ मौके पर पहुंच जानकारी लिए। मौके पर वशिष्ठ यादव, महेश यादव, सत्यनारायण, छोटेलाल, सुभाष और तेजबहादुर आदि मौजूद थे।