गुरुजी का अश्लील गीतों पर वीडियो वायरल
अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। तहसील क्षेत्र के श्री लखनजी इंटर कॉलेज अहिरौली बघेल इन दिनों चर्चा में है। चर्चा में होने का कारण कोई खास उपलब्धि नहीं बल्कि एक शिक्षक की गलत हरकतें हैं। कॉलेज में सामाजिक विषय पढ़ाने वाले गुरुजी का टिक-टॉक एप पर दर्जनों अश्लील गीतों के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। गुरुजी कभी अपने कमरे में दर्द भरे भोजपुरी गीतों में नायिका के साथ सुर मिलाते नजर आते हैं तो कभी क्लास में टिक-टॉक वाली नायिका के साथ अभिनय करते नजर आ रहे हैं। गुरुजी कॉलेज परिसर में भी टिक-टॉक वीडियो में अभिनय करने से नहीं चूकते हैं। गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता उदय प्रताप सिंह गुरुजी के वायरल वीडियो पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहते हैं कि यह शिक्षक पेशागत क्षरण का प्रतीक है। वहीं गांव निवासी शिक्षक सतीश सिंह का कहना है कि शिक्षक का आचरण आदर्श होना चाहिए जिसका अनुकरण विद्यार्थी करें। वहीं लड़कियों के अभिभावकों में कॉलेज प्रबंधन के प्रति गहरी नाराजगी जताई है। अभिभावकों का कहना है कि जो शिक्षक ऐसे अश्लील गीतों पर कॉलेज परिसर में अभिनय करता हो छात्राओं के प्रति कैसी सोच रखता होगा यह आसानी से समझा जा सकता है। इस बाबत कॉलेज के प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने बताया कि इस तरह के वीडियो शिक्षक के मर्यादा के प्रतिकूल है, संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस दिया जा रहा है। वहीं कॉलेज के प्रबंधक कुंवरकांत सिंह से संपर्क नहीं हो सका। जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम ने बताया कि कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। कॉलेज में वीडियो बनाना कतई सही नहीं है। मामले की जांचकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।