तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर गढ़रामपुर पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार की देर रात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक का शव रात भर सड़क पर पड़ा रहा वाहन उसे कुचलते रहे। न तो पास में स्थित पुलिस चौकी को इसकी जानकारी हुई और न ही किसी ने सूचना दी। शुक्रवार की सुबह लोगों ने सड़क पर शव के अवशेष को बिखरा देख की सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ था। वाहनों के पहियों ने शव को चिथड़े-चिथड़े कर दिए थे। पुलिस ने सड़क पर यातायात रोककर शव के अवशेषों को इकट्ठा करया। एसआई रामबचन यादव ने बताया कि पहली नजर में वे मांस का टुकड़ा समझे, लेकिन पास जाने पर पता चला कि इंसान के शव का टुकड़ा है। संवाद