नगर निकाय चुनाव में पहली बार वोट देने वाले मतदाता उत्साह से लबरेज नजर आए। वोट देने जाते समय उनके चेहरे की मुस्कान मतदान के प्रति उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को दर्शा रही थी। देवरिया नगर पालिका में पहली वार वोट देकर निकलीं शुभी चौरसिया, गरिमा पांडेय, राबिया अफजल, गुरफान, सुजैन युनूस, बैतालपुर के सचिन कुमार, मिंटू मद्धेशिया, नेहा गौड़ ने बताया कि उन्होंने पहली बार मतदान किया है। उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक होने का अहसास हो रहा है। उन्होंने बताया कि वोट देने के लिए सुबह जल्दी जग गए थे। नाश्ता-पानी करने के पहले ही मतदान करने का इरादा कर लिया था।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर मंडल में निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी, देवरिया में पकड़ा गया फर्जी वोटर
बुजुर्ग और दिव्यांग भी किसी से पीछे नहीं
नगर निकाय चुनावों में मतदना करने के मामले में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी किसी से पीछे नहीं हैं। शहर के सेंट जेवियर स्कूल पर मतदान के लिए वाकर के सहारे जा रहे बुजुर्ग गौरी शंकर, वृद्धा बर्फी देवी, गौरी देवी ने बताया कि अंतिम सांस तक मतदान कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी को अपने कर्तव्यों को समझते हुए मतदान करना चाहिए। वहीं रामपुर कारखाना, मस्जिद वार्ड में जनता इंटर कॉलेज बूथ पर वोट देने आए दिव्यांग मेहताब ने कहा कि देश और समाज के प्रति वह अपनी जिम्मेदारी बखूबी समझते हैं। इसी कारण वह मताधिकार का प्रयोग करने आए हैं।
सेल्फी प्वाइंट पर दिखी भीड़
मतदान करने आए लोगों में बूथ के बाहर बने सेल्फी प्वॉइंट पर फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही। चाहें युवा हों, बुजुर्ग हों या नेता सभी ने सेल्फी प्वॉइंट जाकर फोटो खिंचवाई और दूसरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया।