दो थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को बिजली गिरने से किसान सहित दो की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लार थाना क्षेत्र के नैनी गांव निवासी रमाकांत यादव 60 घर पर ही रहकर खेती व पशुपालन कर परिवार का भरण पोषण करते थे। दोपहर में गांव के बाहर खेत में पशुओं को चराने गए थे। इसी बीच तेज बारिश होने लगी।
बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठ गए। तभी उनके ऊपर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी साथ में पशु चरा रहे लोगों ने घर पहुंच बताई। मौत की खबर मिलते ही बेटे संजय यादव पिता की मौत से गमजदा हैं जबकि दूसरी घटना थाना क्षेत्र के नरियांव गांव में हुई।
गांव की भगनी देवी 65 पत्नी स्व. हरिकिशुन पाल अपने खेत में सोहनी करने गई थीं, तभी बारिश के समय बिजली गिर गई। जिसकी चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही उनके बेटे सुरेंद्र पाल व जितेंद्र पाल सहित बेटी का रो -रो कर बुरा हाल हो गया था।
बिजली गिरने से छत का बर्जा टूटा, इलेक्ट्रानिक सामान जले
पड़री बाजार में बारिश के बीच बिजली गिरने से घरों में दरार पड़ गई। वहीं कई घरों में लगे इन्वर्टर व पंखे जल गए। शुक्रवार को बिजली गिरने से पड़री पांडेय गांव के शिक्षक रामानंद प्रसाद के घर का बर्जा टूट गया तथा इन्वर्टर एवं पंखा जल गए। पड़री पांडेय गांव के ही डॉ. अरविंद पांडेय, सुरेंद्र पांडेय के घर में लगा इन्वर्टर जल गया। पड़री बाजार के व्यवसायी हरिओम वर्मा की दुकान में लगा इलेक्ट्रानिक सामान जल गया ।