देवरिया। भारतीय फाइनेंशियल इनक्यूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) के दो कर्मचारियों ने समूह से रुपये वसूल लिया। इसके बाद दोनों करीब 17 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बैंक के ब्रांच मैनेजर ऋषिकेश कुमार ने तहरीर देकर बताया है कि संस्था के कर्मचारी गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के हरपुर लुहसी निवासी योगेश कुमार और जिले के कोन्हवलिया बाबू राय निवासी आदर्श ने महिलाओं को केवाईसी कर लोन दे दिया था। इसमें से सभी से साप्ताहिक ऋण वसूली कर संग्रह करने को कहा गया था। आदर्श कुमार ने ग्राहकों से 8.83 लाख व दूसरे कर्मचारी योगेश ने 8.86 लाख रुपये वसूल लिया। इन दोनों कर्मचारियों ने बैंक में रुपये न जमा कर हड़प लिए। वह मांगने पर धमकी दे रहे हैं। गौरीबाजार एसओ राजू सिंह ने बताया कि बैंक मैनेजर की तहरीर पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।