सलेमपुर। सीएचसी लार में शनिवार की रात इलाज के दौरान इमर्जेंसी में दो पक्षों के लोग भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा की एक दूसरे के ऊपर ईंट-पत्थर चलाने लगे व परिसर में रखी कुर्सियां भी एक दूसरे के ऊपर फेंकने लगे। इस दौरान अस्पताल की कई कुर्सियां टूट गईं। यह देख इमरजेंसी में इलाज कर रहे डाक्टर, फार्मासिस्ट समेत भर्ती मरीजों में अफरातफरी मच गई। उधर, बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम को देख उपद्रवी भाग निकले। पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, शनिवार की रात करीब ग्यारह बजे मईल थाना क्षेत्र के कुछ लोग मारपीट में घायल होने के बाद लार सीएचसी में उपचार कराने आए थे। इसी बीच कुछ और लोग भी वहीं के घायल होकर पहुंचे। इसी बीच दोनों पक्ष आपस में कहा सुनी के बाद भीड़ गए। मामला इतना बढ़ा की एक दूसरे के ऊपर हमलावर हो गए। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में ईंट पत्थर चलने लगा। जिसमे ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड बाय को भी ईंट से चोट लग गई। वहीं अस्पताल में जरूरी काम से आए एक मेडिकल स्टोर संचालक की भी पिटाई मनबढ़ों ने कर दी। उधर, किसी ने घटना की सूचना एसपी देवरिया को फोन कर दी। आनन फानन में एसपी के निर्देश पर एसओ नवीन चौधरी फोर्स के साथ सीएचसी परिसर पहुंचे। पुलिस को आता देख दोनों पक्ष के उपद्रवी भाग निकले। वहीं मारपीट में शामिल एक व्यक्ति की बाइक को पुलिस ने कब्जे में लेकर मईल पुलिस को सुपुर्द कर दिया। अभी तक अस्पताल प्रशासन के तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि लार सीएचसी में बवाल की सूचना पर गया था। मौके से एक बाइक मिली। उसे मईल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन के तरफ से तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
रात में बाल रोग विशेषज्ञ डा एस एन सरस्वती की ड्यूटी थी। सुबह सूचना मिली है कि रात में अस्पताल के अंदर दो पक्षों के लोग आपस में बवाल किए थे। एक वार्ड बाय को पैर में ईंट से चोट लगी है। पुलिस ने मामले को शांत करा दिया। अस्पताल की कुछ कुर्सियां टूटी है। सीएचसी अधीक्षक को अवगत करा दिया गया है।
-डाॅ. संतोष कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी लार